बयान बदलने से इनकार किया तो दोबारा रेप का आरोप, गाजियाबाद में पीड़िता ने तमंचे की नोक पर दुष्कर्म का लगाया आरोप

05 Jul 2026

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दुष्कर्म की एक पीड़िता ने मुख्य आरोपी पर पहले दर्ज मुकदमे में बयान बदलने का दबाव बनाने और विरोध करने पर तमंचे की नोक पर दोबारा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ उसकी पत्नी, मां और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मामला लोनी क्षेत्र का है, जहां एक युवती ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि पहले दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे के बाद आरोपी पक्ष लगातार उस पर अदालत में बयान बदलने और समझौता करने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं और दोबारा दुष्कर्म किया गया।

शिकायत के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने पहले तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस मामले में उसकी शिकायत पर 19 फरवरी को मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद आरोपी और उसके परिजनों ने कथित रूप से अदालत में बयान बदलने के लिए लगातार दबाव बनाया। पीड़िता का आरोप है कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह भयभीत हो गई और अदालत में अपने बयान बदल दिए।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 27 मार्च को मुख्य आरोपी उसे तमंचे के बल पर एक होटल ले गया, जहां उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया गया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने घटना की जानकारी पुलिस को देने पर अश्लील वीडियो और ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की पत्नी ने व्हाट्सएप के माध्यम से उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो साझा कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया।

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी कई बार रास्ता रोककर गाली-गलौज करता था, मारपीट करता था और जान से मारने की धमकी देता था। इसके अलावा अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर लगातार परेशान करने का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी सनोज, उसकी मां सुनीता, पत्नी हेमलता और मनोज नामक एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।