गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित मलिक सिटी कॉलोनी में पुरानी रंजिश के चलते 21 वर्षीय युवक तस्लीम की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में स्वजन की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है।
मृतक तस्लीम आशियाना सिटी में अपने माता-पिता के साथ रहता था और सैलून का काम करता था। उसके पिता असगर के अनुसार बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुछ लोग उसे बहाने से बुलाकर मलिक सिटी मजार के पास ले गए। आरोप है कि वहां पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया।
परिजनों को सूचना मिली कि तस्लीम घायल अवस्था में मजार के पास पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर उसके शरीर पर सात स्थानों पर चाकू के घाव मिले। गंभीर हालत में उसे 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने चार आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।