100 लोगों ने पांच घंटे तक ढूंढी सात साल की मासूम, निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में मिला शव

12 Jul 2026

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची के साथ कथित दरिंदगी का मामला सामने आया है। निर्माणाधीन मॉल परिसर से लापता हुई बच्ची का शव करीब पांच घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद शुक्रवार देर रात बेसमेंट में सीढ़ियों के पास लहूलुहान हालत में बरामद हुआ। प्रारंभिक आशंका है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची शुक्रवार शाम से लापता थी। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक बच्ची का कोई पता नहीं चलने पर निर्माणाधीन मॉल में काम करने वाले मजदूर भी खोजबीन में शामिल हो गए। बताया जा रहा है कि करीब 100 लोगों ने पूरे परिसर में कई घंटों तक बच्ची की तलाश की।

करीब पांच घंटे बाद, रात लगभग एक बजे निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में सीढ़ियों के पास बच्ची का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

यह खबर भी पढ़े - स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, गाजियाबाद में एक साथ 3 सेंटरों पर छापा, 23 महिलाएं रेस्क्यू

जिस निर्माणाधीन मॉल से बच्ची का शव मिला, वहां निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। परिसर के आसपास अस्थायी झुग्गियों में निर्माण कार्य से जुड़े करीब 150 मजदूर अपने परिवारों के साथ रहते हैं। मॉल परिसर में प्रवेश के लिए मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति परिसर या आसपास रहने वालों में से हो सकता है और बच्ची का परिचित भी हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि बच्ची को शुक्रवार शाम करीब सात बजे किसी परिचित ने बहलाकर अपने साथ ले गया होगा। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि वारदात में एक व्यक्ति शामिल था या एक से अधिक लोगों की भूमिका रही। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्ची की मौत के कारण और दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।