स्पा की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, गाजियाबाद में एक साथ 3 सेंटरों पर छापा, 23 महिलाएं रेस्क्यू

12 Jul 2026

गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कौशांबी थाना पुलिस ने वैशाली सेक्टर-चार स्थित एक कामर्शियल कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित तीन स्पा सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 23 महिलाओं को रेस्क्यू किया है। कार्रवाई के दौरान पांच ग्राहकों और एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि स्पा सेंटर संचालकों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई। मामले में गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसीपी इंदिरापुरम सूर्य बली मौर्य ने बताया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि वैशाली सेक्टर-चार स्थित एक कामर्शियल कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित तीन स्पा सेंटरों में अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद कौशांबी थाना पुलिस ने तत्काल छापेमारी की।

पुलिस टीम ने एक साथ तीनों स्पा सेंटरों की तलाशी ली, जहां से कई महिलाएं और ग्राहक मौजूद मिले। जांच के दौरान पुलिस ने 23 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू किया।

यह खबर भी पढ़े - गूगल पर नंबर खोजा और खाते से उड़ गए लाखों रुपये, अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाने वाले साइबर गैंग का ग्रेटर नोएडा से भंडाफोड़

छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच ग्राहकों और स्पा सेंटर में कार्यरत एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि मौके से कुछ अवैध और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि स्पा सेंटरों का संचालन किसके द्वारा किया जा रहा था और इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे।

एसीपी सूर्य बली मौर्य के अनुसार, स्पा सेंटरों के मालिकों और संचालकों की पहचान की जा रही है। जांच के दौरान यदि उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित होने वाली अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शिकायत या सूचना मिलने पर संबंधित स्थानों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रेस्क्यू की गई महिलाओं से आवश्यक पूछताछ की जा रही है, जबकि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है.