>उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में कोडीन युक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मामले में पुलिस को पहली बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने सैदपुर क्षेत्र से एक मेडिकल एजेंसी संचालक को गिरफ्तार किया है।
>पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी 24 नवंबर को दर्ज मुकदमे के तहत शनिवार को की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सर्वांश वर्मा (38) पुत्र मोती चंद्र वर्मा के रूप में हुई है, जो वाराणसी के संजय नगर कॉलोनी, थाना कैंट का निवासी है। अभियुक्त सैदपुर स्थित स्वस्तिक मेडिकल एजेंसी का संचालक बताया जा रहा है।
>जांच में सामने आया कि झारखंड के रांची स्थित एक फर्म से गाजीपुर की छह फर्मों को करोड़ों रुपये मूल्य का कोडीन युक्त कफ सिरप सप्लाई किया गया था। औषधि विभाग द्वारा जांच के दौरान इन फर्मों से कफ सिरप की बिक्री से जुड़े वैध कागजात नहीं प्रस्तुत किए जा सके।
>इसके बाद औषधि निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा की ओर से कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान छह संदिग्धों को नोटिस जारी कर पूछताछ भी की थी। पुलिस का कहना है कि कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।