नीट यूजी 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिला सम्मान, स्कूल में गूंजीं तालियां

07 Aug 2026

अयोध्या रोड स्थित ग्लोबल विजडम स्कूल ऑफ एजुकेशन में गुरुवार को भव्य "प्रतिभा सम्मान समारोह" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों अपेक्षा सिंह और सौरभ साहू को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन जगदीश जायसवाल ने दोनों विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा,

"सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाता है।"

समारोह के दौरान विद्यालय ने दोनों विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की।

अपेक्षा सिंह ने नीट यूजी 2026 में ऑल इंडिया रैंक 16,244 तथा कैटेगरी रैंक 6,297 प्राप्त की। उन्होंने कक्षा 12 (शैक्षणिक सत्र 2025-26) में 93 प्रतिशत अंक हासिल किए थे।

यह खबर भी पढ़े - टांडा में रजवाहा कटने से 100 बीघा धान की फसल डूबी, खड़ंजा मार्ग भी बहा

वहीं सौरभ साहू ने ऑल इंडिया रैंक 18,810 और कैटेगरी रैंक 8,927 प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। उन्होंने कक्षा 12 (शैक्षणिक सत्र 2021-22) में 91 प्रतिशत अंक अर्जित किए थे।

विद्यालय की मैनेजर किरण जायसवाल ने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। प्रधानाचार्य कुंवर विवेक सिंह ने दोनों विद्यार्थियों की सफलता को विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताते हुए वर्तमान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। उप-प्रधानाचार्य पंकज सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर प्रत्येक विद्यार्थी अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकता है।

समारोह में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सफल विद्यार्थियों की उपलब्धियों और अनुभवों से अन्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति प्रेरणा मिली। विद्यालय प्रशासन ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने का माध्यम बनते हैं।