गोरखपुर में एम्स की एक महिला डॉक्टर के साथ कथित छेड़छाड़ और नस्लीय टिप्पणी का मामला सामने आया है। पीड़िता नागालैंड की निवासी बताई जा रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला डॉक्टर एक मॉल से लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान दो बाइक सवार युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि रास्ते भर आरोपियों ने नस्लीय और अश्लील टिप्पणियां कीं।
आरोप यह भी है कि एक युवक ने डॉक्टर के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें गलत तरीके से छुआ और थप्पड़ मारा। घटना के बाद महिला डॉक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।