पूर्वांचल और रुहेलखंड के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत, यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

28 Nov 2025


>उत्तर प्रदेश में गोरखपुर-पीलीभीत (15009/15010) एक्सप्रेस ट्रेन का रूट बढ़ाकर अब इज्जतनगर बरेली तक कर दिया गया है। रेल मंत्रालय द्वारा किए गए इस विस्तार से पूर्वांचल से रुहेलखंड क्षेत्र की सीधी कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है।


>गोरखपुर-पीलीभीत एक्सप्रेस पहले लखीमपुर से गोरखपुर के बीच संचालित होती थी। कुछ माह पहले इसका रूट बढ़ाकर पीलीभीत तक किया गया था। लंबे समय से इज्जतनगर तक विस्तार की मांग हो रही थी, जिसे गुरुवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअली उद्घाटित किया। रेलवे के अनुसार, रूट विस्तार से लाखों यात्रियों को लाभ होगा और आवाजाही सुगम होगी।


>इस ट्रेन का विस्तारित संचालन पहले 24 नवंबर से शुरू होना था, लेकिन तकनीकी कारणों से तिथि आगे बढ़ाई गई। रेलवे का कहना है कि नए कनेक्शन से तराई और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुविधाएं मजबूत होंगी।


>ट्रेन संख्या 15009 टाइमिंग:
ट्रेन गोरखपुर से रात 10:15 बजे चलेगी और बाराबंकी (05:08), गोमतीनगर (05:47), बादशाहनगर (05:58), डालीगंज (06:45), सीतापुर जंक्शन (08:01), लखीमपुर (08:50), मैलानी (10:00), पूरनपुर (10:31), पीलीभीत (11:45) और भोजीपुरा (12:17) के बाद दोपहर 12:45 बजे इज्जतनगर पहुंचेगी।


>ट्रेन संख्या 15010 टाइमिंग:
इज्जतनगर से दोपहर 03:10 बजे प्रस्थान करेगी और भोजीपुरा (03:27), पीलीभीत (04:10), पूरनपुर (05:10), मैलानी (06:05), लखीमपुर (07:03), सीतापुर जंक्शन (07:52), बादशाहनगर (11:01), गोमतीनगर (11:14) और बाराबंकी (11:53) पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 07:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।