>ग्रेटर नोएडा का इंडिया एक्सपो मार्ट आगामी 25 से 29 सितंबर तक तीसरे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का शानदार मेज़बान बनने जा रहा है। इस पांच दिवसीय वैश्विक व्यापार महोत्सव में 2500 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जबकि आयोजकों के अनुसार करीब दो लाख लोग इसमें शामिल होने की संभावना रखते हैं। इस बार के ट्रेड शो का कंट्री पार्टनर रूस है, जिससे कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर सकते हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कई विदेशी राजनयिक और विशिष्ट अतिथि भी इस शो में शिरकत करेंगे।
>ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली हैं। एक्सपो मार्ट और आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक को सहज बनाने के लिए सड़कों का चौड़ीकरण किया गया है। गलगोटिया अंडरपास से नासा पार्किंग तक की सड़क चौड़ी की गई है, जबकि नासा गोलचक्कर पहले ही चार लेन का कर दिया गया है। लगभग 8000 वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नासा पार्किंग में की गई है।
>सुरक्षा और निगरानी को ध्यान में रखते हुए इंडिया एक्सपो मार्ट और आसपास के क्षेत्रों में 45 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों से निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा, 15 डार्क स्पॉट्स को चिन्हित कर अतिरिक्त लाइटें लगाई गई हैं।
>बारिश के कारण खराब हुई सड़कों की मरम्मत की जा रही है और पूरे क्षेत्र में हरियाली और साफ-सफाई के विशेष अभियान चलाए गए हैं। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए आगंतुकों को ट्रैफिक व्यवस्था और पार्किंग की जानकारी दी जाएगी, ताकि कोई भी असुविधा न हो।
>इस ट्रेड शो के आयोजन से न केवल व्यावसायिक अवसर बढ़ेंगे, बल्कि उत्तर प्रदेश की वैश्विक व्यापारिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।