'मेरी मौत का जिम्मेदार वही है...' जान देने से पहले ग्रामीण ने बनाया वीडियो, अब पुलिस जांच में जुटी

02 Aug 2026

ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र के धनोरी गांव में एक ग्रामीण की मौत के बाद सामने आए करीब पांच मिनट के वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। जहरीला पदार्थ खाने से पहले रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में ग्रामीण ने गांव के ही एक प्रॉपर्टी डीलर पर यमुना प्राधिकरण के प्लॉट की बिक्री से जुड़े लाखों रुपये अपने पास रखने का आरोप लगाया है। ग्रामीण की मौत के बाद उसकी बेटी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, धनोरी गांव निवासी नवीन शर्मा को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से सात प्रतिशत आबादी के तहत एक प्लॉट मिला था। आरोप है कि गांव के मूल निवासी और वर्तमान में नोएडा में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले यशपाल ने उस प्लॉट की बिक्री कराई।

शिकायत के मुताबिक, बिक्री से प्राप्त लाखों रुपये आरोपी ने अपने पास रख लिए और कई बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं की। परिजनों का आरोप है कि इसी कारण नवीन शर्मा लंबे समय से मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानी से गुजर रहे थे।

यह खबर भी पढ़े - यूपी विधानसभा में इस बार हंगामे से पहले बनी सहमति, जानिए सर्वदलीय बैठक में क्या तय हुआ

बताया गया कि शुक्रवार शाम नवीन शर्मा ने अपने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।

मामले में सबसे अहम पहलू वह वीडियो है, जिसे नवीन शर्मा ने अपनी मौत से पहले रिकॉर्ड किया था। करीब पांच मिनट के इस वीडियो में उन्होंने प्रॉपर्टी डीलर पर गंभीर आरोप लगाए और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया।

वीडियो में उन्होंने प्रधानमंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और दनकौर पुलिस से न्याय की अपील की। साथ ही अपनी इकलौती बेटी पूजा से अपनी मां का ख्याल रखने की भावुक बात भी कही। हालांकि वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस इन्हीं दावों की जांच कर रही है।

यह खबर भी पढ़े - दिल्ली में घर की चोरी का ऐसा खुलासा, शक नौकरानी पर गया तो खुल गई पूरी साजिश

दनकौर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की बेटी पूजा की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी प्रॉपर्टी डीलर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों, वीडियो की सामग्री और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। इसके अलावा प्लॉट की बिक्री, भुगतान से जुड़े दस्तावेज, दोनों पक्षों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।