गुरुग्राम में वेयरहाउस के बाहर कई राउंड फायरिंग, गाड़ियों में तोड़फोड़ के बाद 9 आरोपी गिरफ्तार

11 Jun 2026

 

दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में एक ई-कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस के बाहर हुई हिंसक झड़प के दौरान कई राउंड फायरिंग और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में करीब पांच गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए छह टीमें गठित की गईं और देर शाम नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

यह घटना बुधवार सुबह गुरुग्राम के बिलासपुर क्षेत्र में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्क्रैप की लोडिंग और अनलोडिंग से जुड़े टेंडर को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के लोग वाहनों में सवार होकर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के वाहनों को टक्कर मारने के साथ-साथ ईंट-पत्थर भी फेंके गए।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान करीब 10 राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हिंसक झड़प करीब आधे घंटे तक चली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी।

 

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक झगड़े में शामिल लोग वहां से फरार हो चुके थे। घटनास्थल से पुलिस को बुलेट शेल भी मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

 

गुरुग्राम पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित कीं। जांच और छापेमारी के बाद बुधवार देर शाम क्राइम ब्रांच ने नौ आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

 

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि झगड़े में शामिल लोग कंपनी के वेयरहाउस में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करने वाले वेंडर्स थे। टेंडर से जुड़े विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा और मामला हिंसक रूप ले बैठा। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।