>मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को सपरिवार अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने कनक भवन से लेकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया। उनके साथ उनकी पत्नी और माता-पिता भी उपस्थित रहे।
>अधिकृत जानकारी के अनुसार, ज्ञानेश कुमार ने अयोध्या आगमन के दौरान कनक भवन, हनुमानगढ़ी, दशरथ महल और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राम जन्मभूमि परिसर में उन्होंने रामलला विराजमान के दर्शन किए और मंदिर प्रशासन से परिसर संबंधी जानकारी भी प्राप्त की।
>दर्शन के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि अयोध्या आगमन उनके लिए आध्यात्मिक अनुभव रहा। उन्होंने कहा, अयोध्या की पावन धरती पर सपरिवार आने का सौभाग्य मिला है। इसके लिए मैं प्रभु श्रीराम का आभारी और कृतज्ञ हूं। रामलला विराजमान के दर्शन हमने, हमारी पत्नी और माता-पिता ने किए हैं। यह सब प्रभु राम की विशेष अनुकंपा से संभव हो पाया है।