>राजधानी लखनऊ के हैदर कैनाल में बुधवार शाम डूबे सात वर्षीय वीर का शव गुरुवार सुबह गोमती नदी में 1090 चौराहे के पास बरामद हुआ। तेज बारिश और नाले में प्रबल बहाव के कारण मासूम करीब तीन किलोमीटर दूर तक बह गया था।
>जानकारी के अनुसार, वीर बुधवार को नाले के किनारे शौच के लिए गया था और पैर फिसलने से वह नाले में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, नगर निगम, पुलिस और दमकल की टीमें रातभर सर्च ऑपरेशन में जुट गईं। टीमों ने इमरजेंसी लाइट, जाल और जेसीबी की मदद से नाले की लंबी दूरी तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
>अंततः 18 घंटे की मेहनत के बाद गुरुवार सुबह मासूम का शव गोमती नदी में बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्चे के पिता और दादी मौके पर अवसाद में थे, जिन्हें आसपास खड़े लोगों ने संभाला। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस व नगर निगम की टीम तैनात की गई है।