>हज यात्रा 2026 के लिए सऊदी अरब सरकार ने आवास संबंधी बड़े बदलाव किए हैं, जिनके तहत पति-पत्नी को अब एक कमरे में ठहरने की अनुमति नहीं होगी। उत्तर प्रदेश से इस वर्ष 18,760 यात्री हज पर जाने वाले हैं।
>नए नियमों के अनुसार महिला और पुरुष हज यात्रियों के लिए अलग-अलग कमरों की व्यवस्था अनिवार्य होगी। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक संयुक्त कमरों की सुविधा समाप्त कर दी गई है। इसके अलावा रसोई में भोजन बनाने की अनुमति भी नहीं होगी। भारत सरकार ने पिछली बार उम्र और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय यात्रियों को संयुक्त कमरे और भोजन बनाने की विशेष छूट देने का अनुरोध किया था, लेकिन इस बार यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
>इन बदलावों के कारण हज यात्रा की लागत बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं हज कमेटी और भारत सरकार वैकल्पिक व्यवस्थाओं जैसे कैटरिंग सेवा सहित अन्य विकल्पों पर विचार कर रही है। नए नियमों के तहत पति-पत्नी अलग कमरों में रहेंगे, हालांकि एक ही इमारत में ठहराने को प्राथमिकता दी जा सकती है।
>सऊदी प्रशासन हज यात्रियों को एक स्मार्ट वॉच भी उपलब्ध कराएगा, जो हज सुविधा एप 2.0 से जुड़ेगी। इस वॉच में आपात स्थिति में सहायता मांगने के लिए एक विशेष बटन भी होगा।