हापुड़ में दुकानदार की पीट-पीटकर कर डाली हत्या,परिजनों में भारी आक्रोश

24 Sep 2025


>उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी में परचून दुकानदार संजय (45) की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि दुकानदार और गांव के दो युवकों के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। गंभीर रूप से घायल संजय को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।


>घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और गांव में तनाव के मद्देनज़र भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।


>हापुड़ एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि विवाद का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीड़ित संजय को चेस्ट में दर्द होने के बाद डॉक्टर के पास ले जाया गया था। उपचार के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।