अस्पताल से भागकर वेयरहाउस में करने लगा नौकरी, लेकिन पुलिस ने ऐसे दबोचा

29 Jun 2026

दिल्ली के जीबी पंत अस्पताल से फरार हुए अंडरट्रायल कैदी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फरारी के 48 घंटे के भीतर हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय पवन भल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जेल से बाहर निकलने की योजना के तहत पहले खुद को बीमार दिखाया और इलाज के दौरान अस्पताल से फरार हो गया था।

क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने तकनीकी निगरानी, मानवीय खुफिया सूचना और लगातार फील्ड ऑपरेशन के आधार पर आरोपी का पीछा किया। पुलिस ने उसे 28 जून को ऊना जिले के जितपुर बेहड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि पवन भल्ला रोहिणी स्थित केंद्रीय जेल में न्यायिक हिरासत में बंद था। पुलिस के अनुसार उसने जानबूझकर किसी अज्ञात पदार्थ का सेवन कर अपनी तबीयत खराब होने का दावा किया। पहले उसे डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए जीबी पंत अस्पताल रेफर किया गया।

यह खबर भी पढ़े - 21 साल बाद दिल्ली में शुरू होगा बड़ा वोटर वेरिफिकेशन अभियान, 13 हजार BLO उतरेंगे मैदान में

26 जून की शाम करीब 6:45 बजे आरोपी ने बाथरूम जाने की अनुमति मांगी। पुलिस के अनुसार इसी दौरान उसने बाथरूम के वेंटिलेशन होल का इस्तेमाल कर अस्पताल से फरार होने में सफलता हासिल कर ली। घटना के बाद आईपी एस्टेट थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 262 के तहत मामला दर्ज किया गया और फरार कैदी की तलाश शुरू की गई।

अस्पताल से फरारी की सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम को जांच सौंपी गई। इंस्पेक्टर महिपाल सिंह के नेतृत्व में तथा एसीपी सतेंद्र मोहन की निगरानी में गठित विशेष टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटानी शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और विभिन्न राज्यों में समन्वय के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के जितपुर बेहड़ी इलाके में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल से भागने के बाद वह सीधे पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से ट्रेन पकड़कर हिमाचल प्रदेश के ऊना चला गया।

ऊना में वह अपने एक पुराने परिचित के घर पर ठहरा और पहचान छिपाने के लिए एक वेयरहाउस में लोडिंग-अनलोडिंग का काम करने लगा। पुलिस ने बताया कि इसी दौरान तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार पवन भल्ला मूल रूप से हरियाणा के जींद जिले का रहने वाला है। उसे 15 जून को रोहिणी सेक्टर-4 स्थित लाल फ्लैट्स के पास पेट्रोलिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुआ था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वर्ष 2023 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान उसने ड्रग्स की लत होने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से पहले वह डीजे सेटअप और मजदूरी का काम भी कर चुका है।