>राजधानी लखनऊ में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बलियाखेड़ा और आसपास के इलाकों में की गई छापेमारी के दौरान टीम ने 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की और करीब 600 किलो लहन (शराब बनाने का मिश्रण) को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
>छापेमारी के दौरान कई जगहों पर गुप्त अड्डों से शराब बनाने के उपकरण और सामग्री बरामद की गई। आबकारी विभाग ने मौके से अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर चल रहे शराब के अवैध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
>यह कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई। उनके साथ आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह (सेक्टर-5) और राहुल सिंह (सेक्टर-11) अपनी टीमों सहित मौजूद रहे। टीम ने क्षेत्र के कई संवेदनशील स्थलों पर सघन जांच की और स्थानीय लोगों को भी अवैध शराब से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया।
>जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर पूर्ण रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विभाग ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार छापेमारी जारी रखेगा ताकि किसी भी रूप में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल न सके।