>उत्तर प्रदेश के भारत नेपाल सीमा पर रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात एक नेपाली तस्कर को 1 किलो 592 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 45 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
>पुलिस के अनुसार, थाने के उप-निरीक्षक शेखर प्रसाद साहनी और एसएसबी इंस्पेक्टर ऋतुराज सीमा पर नोमेंसलैंड की निगरानी कर रहे थे। रात 11:14 बजे पिलर संख्या 651/01 के पास नेपाल के जाजरकोट जिले के बारेकोट ग्रामीण नगरपालिका वार्ड नंबर 8 निवासी रण बहादुर सिंह को भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते रोककर तलाशी ली गई। टीम को उसके पास से 1 किलो 592 ग्राम अवैध चरस मिली।
>आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे चरस की खेप भारतीय क्षेत्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। पुलिस ने चरस को सीज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत ने पुष्टि की कि जब्त चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 45 लाख रुपये से अधिक है।