>हैदराबाद में आयोजित भारत गौरव सम्मान 2025 समारोह में मुंबई में तैनात IRS कमिश्नर डॉ. कुंदन यादव को तस्करी के खिलाफ कार्रवाई और चुनाव प्रक्रिया में निगरानी की भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।
>वाराणसी में जन्मे डॉ. कुंदन यादव भारतीय राजस्व सेवा के 2007 बैच के अधिकारी हैं और वर्तमान में वित्त मंत्रालय के कस्टम एवं अप्रत्यक्ष कर विभाग में मुंबई में कमिश्नर पद पर कार्यरत हैं। समारोह में कुल 32 व्यक्तियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान प्रदान किया गया। डॉ. यादव ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय, बीएचयू और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त की है तथा फुलब्राइट स्कॉलर के रूप में अमेरिका के इलिनॉय विश्वविद्यालय, शिकागो में अध्यापन कार्य भी किया है। भारत गौरव फाउंडेशन ने उन्हें तस्करी रोकथाम में सख्त कार्रवाई और चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में स्वच्छ चुनाव कराने में निभाई गई भूमिका के आधार पर चयनित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा मौजूद थे।