जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बंद होने की खबर कितनी सच? दिल्ली पुलिस ने अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी

30 Jul 2026

सोशल मीडिया पर इन दिनों यह दावा तेजी से फैल रहा था कि राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अब किसी भी तरह के विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस बीच बढ़ती चर्चाओं और भ्रामक दावों पर दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। पुलिस ने कहा है कि जंतर-मंतर आज भी शांतिपूर्ण और अधिकृत प्रदर्शनों के लिए निर्धारित स्थल है और इसे बंद किए जाने संबंधी दावे पूरी तरह भ्रामक हैं।

दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर जारी संदेश में लोगों से अपील की कि वे बिना पुष्टि वाली जानकारी पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं को ही सही मानें।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन पहले की तरह जारी रहेंगे। हालांकि इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा। संबंधित आयोजकों या संस्थाओं को सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेनी होगी और सभी निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन करना होगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित यह दावा कि जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के लिए बंद कर दिया गया है, सही नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और पुलिस द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया के तहत जंतर-मंतर पर एक समय में अधिकतम 1,000 लोगों की उपस्थिति की अनुमति दी जा सकती है। अनुमति प्रत्येक आवेदन के आधार पर संबंधित अधिकारी द्वारा नियमों के अनुसार दी जाती है।

पुलिस ने नागरिकों से कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी संदेश या दावे को बिना सत्यापन के साझा न करें। गलत या भ्रामक जानकारी भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती है। किसी भी आधिकारिक निर्णय या व्यवस्था से जुड़ी जानकारी के लिए केवल दिल्ली पुलिस के अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।

हाल के दिनों में कुछ सोशल मीडिया पोस्टों में दावा किया जा रहा था कि जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इन दावों के वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस को आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा, ताकि लोगों के बीच किसी प्रकार की गलतफहमी न रहे।

 

Rumors are circulating on social media alleging that Jantar Mantar has been locked or closed for protests. These claims are entirely false, misleading, and devoid of facts.

It is officially clarified that Jantar Mantar remains an active and authorized site for peaceful and…

— Delhi Police (@DelhiPolice) July 30, 2026