>कन्नड़ फिल्म अभिनेत्री गीता के नेतृत्व में कलाकारों की एक टीम ने रविवार को अयोध्या स्थित रामजन्मभूमि परिसर में रामलीला का मंचन किया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक उपस्थित रहे।
>वीरा मदकारी नायक सांस्कृतिक कला क्लब बंगलूरू से आए लगभग 90 कलाकारों ने सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक रामलीला का मंचन किया। कार्यक्रम के दौरान रामकथा से जुड़े प्रसंगों को संवाद, नृत्य और अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। मंचन के समय रामकथा की चौपाइयों और जयघोष की गूंज सुनाई देती रही, जिससे परिसर का वातावरण धार्मिक बना रहा।
>रामलीला के विभिन्न दृश्यों को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु लगातार परिसर में एकत्र होते रहे। कार्यक्रम का संचालन अयोध्या निवासी संध्या ने किया। कार्यक्रम के प्रभारी शैलेंद्र शुक्ल के अनुसार, रामलीला मंचन करने वाले कलाकार दल को राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया गया।