कानपुर देहात के झींझक थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में सेना के एक जवान का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जवान का शव किराए के मकान के अंदर निर्वस्त्र अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान आनंद उर्फ सुरेंद्र सिंह चौहान (करीब 33 वर्ष) पुत्र अतर सिंह, निवासी मंगलपुर थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के अहमदनगर में सेना में तैनात थे और लगभग 15 दिन पहले छुट्टी पर घर आए थे। वह अपनी पत्नी निधि और दो बेटों के साथ झींझक में किराए के मकान में रह रहे थे।
मृतक के भाई राजेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र ने करीब दो महीने पहले 30 लाख रुपये का फंड निकाला था और एक प्लॉट भी बेचा था। आरोप है कि इसी धन के लालच में 26 और 27 अप्रैल की रात उनकी हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि इस घटना में पत्नी, साले और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों की भूमिका हो सकती है। पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, शव के पास खून, एक इंजेक्शन और शराब की टूटी बोतल मिली है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। मृतक की मौसी पुष्पा ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने घटनास्थल से दवा की शीशी और शराब की बोतल को कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।