>कन्नड़ सिनेमा की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कांतारा चैप्टर 1' ने रिलीज के तुरंत बाद बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। गांधी जयंती और दशहरा के मौके पर 2 अक्टूबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन 61.85 करोड़ रुपये की कमाई कर साल की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बना दिया।
>सिर्फ दूसरे दिन ही फिल्म की कमाई 46 करोड़ रुपये तक पहुँच गई और तीसरे दिन तक ₹22.48 करोड़ और जोड़कर कुल कमाई 130.33 करोड़ रुपये हो चुकी है। हिंदी, कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम में रिलीज़ होने के बाद फिल्म ने कई भाषाओं में दर्शकों का दिल जीत लिया।
>ऋषभ शेट्टी की इस फिल्म ने कन्नड़ सिनेमा की टॉप 10 कमाई वाली फिल्मों में महावतार नरसिम्हा को छोड़कर सभी को पीछे छोड़ दिया है। साथ ही बॉलीवुड की टॉप 10 कमाई वाली फिल्मों में भी 'जॉली एलएलबी 3' (104.1 करोड़), सिकंदर (110.36 करोड़) और स्काई फोर्स (113.62 करोड़) को पछाड़ते हुए बड़ा मुकाम हासिल किया है। अब फिल्म का अगला लक्ष्य आमिर खान की फिल्म 'सितारे जमीन पर' है, जिसने 166.19 करोड़ रुपये का लाइफटाइम बिजनेस किया था।
>
View this post on Instagram
>
>
>सैक्निल्क के अनुसार, फिल्म ने रिलीज़ के पहले ही दिन वर्ल्डवाइड 87.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया। दर्शक और समीक्षक फिल्म के क्लाइमैक्स, विजुअल इफेक्ट्स और कहानी की प्रशंसा कर रहे हैं। ऋषभ शेट्टी ने न सिर्फ फिल्म का निर्देशन किया है, बल्कि इसमें लीड रोल भी निभाया है। रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।