कानपुर विकास प्राधिकरण ने शनिवार को अवैध कब्जों और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 बीघा भूमि कब्जामुक्त करा ली। सात घंटे तक चले विशेष अभियान में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण के अनुसार कार्रवाई के दौरान करीब 124 करोड़ 46 लाख रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
केडीए के प्रवर्तन जोन-4 में चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व विशेष कार्याधिकारी एवं उप जिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने किया। यह कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर की गई। अभियान में भूमि बैंक, अभियंत्रण खंड और प्रवर्तन टीम के अधिकारियों के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा।
प्राधिकरण की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार कुलगांव, बैरी अकबरपुर कछार, गणेशपुर रोड, किदवई नगर योजना, अहिरवां, सजारी और अलकनंदा योजना क्षेत्र में चार जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माणों को हटाया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर, एंट्री गेट, सीवर लाइन और अधबने भवनों को तोड़ा गया।
आठ लोगों के कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि: केडीए अधिकारियों के मुताबिक कुल आठ लोगों के कब्जे से भूमि को मुक्त कराया गया। कुलगांव में लगभग 1300 वर्गमीटर क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया, जबकि बैरी अकबरपुर कछार में करीब 700 वर्गमीटर क्षेत्र में बने अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। गणेशपुर रोड पर आरसीसी कॉलम और दीवार बनाकर किए गए कब्जे को हटाया गया। वहीं किदवई नगर योजना के वाई-1 ब्लॉक में प्री-कास्ट बाउंड्रीवाल बनाकर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण के अनुसार अभियान के दौरान कुल 49,630 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। विभिन्न क्षेत्रों में भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य भी निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अहिरवां स्थित भूमि का मूल्य लगभग 51.63 करोड़ रुपये, सजारी की भूमि का 47.33 करोड़ रुपये, देहली सुजानपुर की भूमि का एक करोड़ रुपये, कुलगांव की भूमि का 1.30 करोड़ रुपये तथा बैरी अकबरपुर कछार की भूमि का 1.19 करोड़ रुपये आंका गया है। कुल मिलाकर कब्जामुक्त कराई गई भूमि का बाजार मूल्य 124 करोड़ 46 लाख रुपये बताया गया है। अभियान के दौरान सहायक अभियंता सुधांशु श्रीवास्तव, अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी सहित प्रवर्तन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संबंधित थाना क्षेत्रों का पुलिस बल भी कार्रवाई के दौरान तैनात रहा।
दोबारा अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई: केडीए प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कब्जामुक्त कराई गई भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि प्राधिकरण, ग्राम समाज तथा सीलिंग की भूमि पर किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त या कब्जे के प्रयास से बचें।