उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में भगवान बुद्ध के जीवन, दर्शन और बौद्ध विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करने वाला बुद्ध थीम पार्क अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। लगभग 11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो गया है और इसे जल्द ही आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा गौतम बुद्ध संग्रहालय के निकट विकसित यह थीम पार्क पारंपरिक पर्यटन स्थल से अलग एक अनुभवात्मक केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। यहां आने वाले पर्यटक केवल भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़ी जानकारी ही नहीं प्राप्त करेंगे, बल्कि डिजिटल तकनीक, इंटरएक्टिव प्रदर्शनियों और ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से उनकी शिक्षाओं और जीवन दर्शन को नए तरीके से अनुभव भी कर सकेंगे।
परियोजना को इस तरह डिजाइन किया गया है कि आगंतुक भगवान बुद्ध के जीवन की प्रमुख घटनाओं, उनके विचारों और बौद्ध दर्शन को क्रमबद्ध एवं आकर्षक तरीके से समझ सकें। पार्क में संवादात्मक शैली में कहानी प्रस्तुत करने की तकनीक, हेरिटेज इंटरप्रिटेशन और आधुनिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया गया है, जिससे यह केवल दर्शनीय स्थल नहीं बल्कि एक अनुभवात्मक ज्ञान केंद्र का रूप लेता है।
यह खबर भी पढ़े - स्कूल छोड़ चुके बच्चों को फिर पढ़ाई से जोड़ने के लिए यूपी सरकार की नई तैयारी
पार्क का प्रमुख आकर्षण बोधि वृक्ष होगा, जहां भगवान बुद्ध के ज्ञान प्राप्ति से जुड़े प्रसंगों को संवादात्मक शैली में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा तिब्बती शैली के स्तूप, प्रार्थना चक्र (प्रेयर व्हील्स), मूर्तिकला स्थापनाएं और विभिन्न थीम आधारित प्रदर्शनियां भी विकसित की गई हैं।
यहां स्थापित आठ तथागत स्तूप भगवान बुद्ध के जीवन की आठ महत्वपूर्ण घटनाओं का प्रतीक हैं। इनके माध्यम से आगंतुक बौद्ध दर्शन और उसके मूल सिद्धांतों को समझ सकेंगे।
थीम पार्क की सबसे खास विशेषताओं में आधुनिक डिजिटल तकनीक आधारित 3डी झांकियां शामिल हैं। इन झांकियों के जरिए भगवान बुद्ध के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को दृश्यात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
इसके अलावा विशेष ट्रेवलॉग इंस्टॉलेशन बुद्ध की पवित्र यात्रा को क्रमवार दर्शाता है। पार्क में भूमिस्पर्श, ध्यान, अभय और धर्मचक्र सहित भगवान बुद्ध की आठ विशाल मुद्राएं भी स्थापित की गई हैं, जो उनके जीवन और उपदेशों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
पर्यटकों के अनुभव को और आकर्षक बनाने के लिए पार्क में अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक का उपयोग किया गया है। यहां 40 फीट ऊंची बुद्ध वॉल पर विशेष लाइट एंड साउंड शो आयोजित किया जाएगा। इस प्रस्तुति के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन, करुणा और शांति के संदेश को प्रकाश, ध्वनि और दृश्य प्रभावों के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।
थीम पार्क का प्रवेश द्वार प्राचीन बौद्ध तोरण शैली से प्रेरित है। पार्क परिसर में भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित कलात्मक भित्ति चित्र, बुद्ध जीवन दीर्घाएं, बच्चों के लिए सांस्कृतिक थीम वाला खेल क्षेत्र तथा स्मारिका केंद्र भी विकसित किया गया है। स्मारिका केंद्र पर बौद्ध हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार उत्पाद उपलब्ध होंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बुद्ध थीम पार्क का निर्माण पूरा होना कुशीनगर में बौद्ध पर्यटन को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुसार यह परियोजना आध्यात्मिकता, कला, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का संगम है, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भगवान बुद्ध के जीवन और विचारों से जोड़ने का अवसर देगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट में लगभग 82 लाख पर्यटक पहुंचे, जिनमें 4.4 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल थे। उनका कहना है कि नया बुद्ध थीम पार्क कुशीनगर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करने में सहायक होगा।