>उत्तर प्रदेश के बागपत जिले को ऐतिहासिक और धार्मिक पर्यटन की नई पहचान मिलने जा रही है। महाभारतकालीन लाक्षागृह के संरक्षण और पर्यटन विकास पर प्रदेश सरकार एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस परियोजना से बागपत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के मानचित्र पर और सशक्त रूप से उभरेगा।
>बरनावा (वारणावत) गांव में हिंडन और कृष्णा नदी के संगम पर स्थित यह स्थल महाभारत काल से जुड़ा है। मान्यता है कि कौरवों ने पांडवों को जलाने के लिए यहीं पर लाख का घर बनवाया था। इसी कारण यह जगह आज भी महाभारत की कथा को जीवंत करती है।
>सरकार की योजना के तहत यहां सौंदर्यीकरण, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पेयजल की सुविधा और पर्यटकों के लिए सूचना केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पर्यटन मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 में ही इस स्थल पर 16 लाख 73 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे थे, जो इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।
>स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार: दो अक्टूबर तक चलेगा अभियान
>महिलाओं और परिवारों को स्वस्थ व सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान की शुरुआत की है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
>इस अभियान में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर रहेगा। इसमें हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, स्तन व मुख कैंसर की जांच, एनीमिया परीक्षण, गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का टीकाकरण, मासिक धर्म स्वच्छता और पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे। साथ ही रक्तदान शिविर और टीबी मरीजों को गोद लेने जैसी पहल भी होगी।