लखनऊ में एलडीए का बड़ा तोहफा, बजट में मिलेगा नया घर

04 Oct 2025


>राजधानी के लोगों के लिए खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने त्योहारी सीजन में अल्प आय और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए दो नई आवासीय योजनाओं – अटल नगर और सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना – का शुभारंभ किया है। इन योजनाओं में वन बीएचके और टू बीएचके के कुल 2,568 फ्लैट्स उपलब्ध होंगे, जिनकी कीमत आम आदमी की आय के अनुसार तय की गई है।


>सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना डालीबाग में माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई 2,314 वर्गमीटर भूमि पर तैयार की गई है। इस योजना में ग्राउंड प्लस थ्री संरचना के तीन ब्लॉकों में 36.65 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 72 फ्लैट्स बनाए गए हैं। लोकेशन बेहद प्राइम है, बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकंदरबाग और हजरतगंज चौराहा महज पांच से दस मिनट की दूरी पर हैं। ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट्स की कीमत 10.70 लाख रुपये रखी गई है। योजना में स्वच्छ जल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था और दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी।


>वहीं, अटल नगर आवासीय योजना देवपुर पारा में अल्प आय और मध्यम आय वर्ग के लोगों का सपना साकार करेगी। इस योजना में 12 से 19 मंजिल तक के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स बनाए जाएंगे, जिनमें से 1,832 वन बीएचके और 664 टू बीएचके होंगे। फ्लैट्स का क्षेत्रफल 30 वर्गमीटर से 54.95 वर्गमीटर तक है और कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू होगी। योजना में लिफ्ट, पावर बैकअप, स्वच्छ जल, विद्युत आपूर्ति, ग्रीन एरिया, किड्स प्ले एरिया और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएँ होंगी।


>एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि इन योजनाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 4 अक्टूबर से 3 नवंबर तक होंगे और आवंटन लाटरी ड्रा के माध्यम से किया जाएगा। पंजीकरण शुल्क फ्लैट की अनुमानित कीमत का पांच प्रतिशत होगा, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह 2.5 प्रतिशत रहेगा।


>उन्होंने कहा कि योजनाओं की लोकेशन, निर्माण की गुणवत्ता और सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है ताकि राजधानी में हर परिवार को सुरक्षित और आरामदायक आवास मिल सके।