तीन महीने में दूसरी बार बढ़े LPG सिलेंडर के दाम, जानिए अब कितनी देनी होगी कीमत

07 Jun 2026

 

उत्तर प्रदेश के उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ समेत राज्य के कई हिस्सों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत बढ़ा दी गई है। नई दरों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब 979.50 रुपये में उपलब्ध होगा। इससे पहले इसकी कीमत 950.50 रुपये थी। आयल मार्केटिंग कम्पनीज की ओर से नई कीमतें लागू कर दी गई हैं। यह पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की दूसरी मूल्य वृद्धि है।

 

मार्च 2026 में भी घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। अब एक बार फिर कीमत बढ़ने से घरेलू उपभोक्ताओं के मासिक बजट पर असर पड़ने की संभावना है। इससे पहले 1 जून 2026 को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। अब घरेलू सिलेंडर की कीमत बढ़ने से दोनों वर्गों के उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है।

 

लखनऊ के विभिन्न गैस एजेंसियों पर शुक्रवार सुबह से नई दरें लागू हो गईं। उपभोक्ता अब बढ़ी हुई कीमत पर सिलेंडर खरीद रहे हैं। औसतन यदि कोई परिवार महीने में दो सिलेंडर का उपयोग करता है, तो नई बढ़ोतरी के बाद उसे हर महीने लगभग 58 रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे।

 

मौजूदा बढ़ोतरी को आधार मानें तो सालभर में उपभोक्ताओं का अतिरिक्त खर्च लगभग 700 रुपये तक पहुंच सकता है। हालांकि वास्तविक खर्च परिवार के उपयोग पर निर्भर करेगा। तेल कंपनियों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और एलपीजी की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव के आधार पर समय-समय पर घरेलू दरों की समीक्षा की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत कीमतों में संशोधन किया जाता है।

 

कीमतों में वृद्धि के बाद विपक्षी दलों ने महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। वहीं कई उपभोक्ताओं ने भी बढ़ती लागत को लेकर चिंता जताई है।