कुर्सी रोड स्थित श्री सद्गुरु कबीर जागू आश्रम, दसौली बसहा में श्री सदगुरु कबीर साहेब वेद वेदांग गुरुकुलम के तत्वावधान में 51 बटुकों का द्वितीय सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार आयोजित किया गया। समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक सहित संत-महंतों ने सहभागिता की।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बटुक अपने परिजनों के साथ सुबह से ही आश्रम परिसर पहुंच गए थे। दिनभर बधाई देने वालों का आवागमन बना रहा।
समारोह में श्री श्री 108 महंत योगेंद्र साहेब समेत विभिन्न संतों ने बटुकों को आशीर्वाद दिया। नम्रता पाठक ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर बटुकों को शुभकामनाएं दीं।
आयोजक ऋषि त्रिवेदी ने बताया कि यह द्वितीय सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार है। गुरुकुलम के प्रधानाचार्य शिवपूजन दीक्षित के अनुसार पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों की सफलता को देखते हुए भविष्य में 101 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार आयोजित करने की योजना है। देर शाम तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और परिजन उपस्थित रहे।