चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक बार फिर प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद होने का मामला सामने आया है। बैंकाक से मस्कट होते हुए लखनऊ पहुंचे एक भारतीय यात्री के ट्रॉली बैग से 10.397 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड-गांजा बरामद किया गया है। सीमा शुल्क विभाग ने आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों को पहले से सूचना मिली थी कि बैंकाक से आने वाले एक यात्री के पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ हो सकता है। इसके बाद एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने संबंधित यात्री पर निगरानी रखी। शुक्रवार दोपहर बैंकाक से मस्कट होते हुए उड़ान संख्या डब्ल्यूवाई-265 लखनऊ के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। इसी फ्लाइट से आए एक भारतीय यात्री को ग्रीन चैनल पर रोककर जांच की गई।
अधिकारियों ने यात्री के सामान की एक्स-रे जांच कराई। इसके बाद उसके ट्रॉली बैग की विस्तृत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की कई परतों में लिपटे 13 पालीथीन पैकेट बरामद हुए। पैकेटों में हरे रंग का पदार्थ मिला, जिसे प्रारंभिक जांच में हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा पाया गया। बरामद पदार्थ का कुल वजन 10.397 किलोग्राम बताया गया है।
हवाई अड्डे के अपर आयुक्त जितेंद्र सिंह के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात सीमा शुल्क अधिकारियों ने संदिग्ध यात्री को रोककर उसके सामान की जांच की थी। जांच के दौरान ट्रॉली बैग से प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ। अधिकारियों ने बताया कि बरामद पदार्थ की प्रारंभिक डायग्नोस्टिक जांच में उसके गांजा होने की पुष्टि हुई है।
मामले में यात्री के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 8 के प्रावधानों के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। सीमा शुल्क विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था तथा इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।