प्रदेश सरकार की ओर से भीषण गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में लंबे समय तक बिजली कटौती ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोमती नगर जोन के अंतर्गत आने वाले परमेश्वर नगर गणेशपुर क्षेत्र में करीब 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे सैकड़ों परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इसके बाद गुरुवार शाम करीब 7 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान क्षेत्र के लोग पूरी रात अंधेरे में रहने को मजबूर रहे। भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों के लिए घरों में रहना मुश्किल हो गया। बिजली आपूर्ति बंद रहने से पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई और कई परिवारों को सुबह तक पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।
स्थानीय उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन समय पर समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि उन्हें घंटों तक बिजली बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि शिवपुरी पावर हाउस के अवर अभियंता नीलेश रस्तोगी को कई बार फोन किए गए, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। साथ ही बिजली आपूर्ति बहाल होने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
लंबे समय तक बिजली गुल रहने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब मुख्यमंत्री लगातार बिजली व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं और निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए जा रहे हैं, तब राजधानी के रिहायशी क्षेत्रों में ऐसी स्थिति चिंता का विषय है। क्षेत्रीय नागरिकों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन और मुख्य अभियंता कार्यालय के घेराव पर विचार किया जाएगा।