राजधानी लखनऊ के चिनहट क्षेत्र स्थित एक आवासीय अपार्टमेंट के पेंटहाउस में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा कमरा उसकी चपेट में आ गया और पेंटहाउस का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो गया।



प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह घटना चिनहट थाना क्षेत्र के नंदी बिहार स्थित एक्यूएस हाइट अपार्टमेंट में सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के समय पेंटहाउस में कुछ युवक मौजूद थे और वहां पार्टी चल रही थी। आग भड़कने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद कुछ युवक कमरे से शराब की बोतलें और अन्य सामान लेकर वहां से निकल गए। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
यह खबर भी पढ़े - इलाज की चिंता सरकार करेगी- जनता दर्शन में कैंसर पीड़िता को सीएम योगी का भरोसा
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने अपार्टमेंट में कथित रूप से चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जिस इमारत में आग लगी, वह मूल रूप से आवासीय उपयोग के लिए स्वीकृत है, लेकिन वहां पेंटहाउस समेत अन्य कमरों को किराये पर देकर स्टे-इन सुविधा और निजी पार्टियों का संचालन कराया जाता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी बिल्डिंग में आने-जाने वाले लोगों और गतिविधियों को लेकर कई बार आपत्ति जताई गई थी। उनका आरोप है कि इस संबंध में पुलिस और संबंधित अधिकारियों को शिकायतें भी दी गई थीं, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, जिस पेंटहाउस में आग लगी वह तौकीर अहमद का बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। पुलिस संपत्ति से जुड़े तथ्यों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। अब आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। इसके साथ ही आग से हुए नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी प्रकार की लापरवाही, नियमों के उल्लंघन या अन्य अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।