लखनऊ में बड़ी काली जी मंदिर के पास लगी भीषण आग, प्रसाद की 3 दुकानें जलकर खाक

28 May 2026

 

राजधानी लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र में स्थित बड़ी काली जी मंदिर परिसर के पास बुधवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते प्रसाद की तीन दुकानें उसकी चपेट में आ गईं और जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

 

स्थानीय लोगों के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। आग लगते ही आसपास मौजूद दुकानदारों और लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

 

आग की वजह से दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल गया, जिससे दुकानदारों को हजारों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।