>लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में कक्षा 9 की एक छात्रा सड़क किनारे गंभीर हालत में खून से लथपथ मिली। उसे तत्काल SGPGI ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है।
>पुलिस के अनुसार, छात्रा की पहचान रजनीखंड, आशियाना निवासी मानसी के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि मानसी 25 दिसंबर को दोस्तों के साथ क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए घर से निकली थी। इसके बाद उसके दोस्तों ने परिवार को फोन कर बताया कि एक सड़क दुर्घटना में मानसी घायल हो गई है।
>घटना के बाद से मानसी बेहोश है और पिछले पांच दिनों से उसे होश नहीं आया है। परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मानसी के दोस्तों ने उसके साथ मारपीट कर हत्या करने की कोशिश की है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
>बताया जा रहा है कि घटना के बाद से मानसी के दो दोस्त फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा की स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकीय रिपोर्ट व जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
>