>वजीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। डालीगंज चौराहा रेलवे आरओबी के नीचे तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार देवर-भाभी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
>मृतकों की पहचान गगन जोशी (25) और उनकी भाभी रेखा जोशी (32) के रूप में हुई है। गगन जोशी पुराना जोशी टोला, बाजारखाला के निवासी थे और पुरोहित का कार्य करते थे। बुधवार शाम वे अपनी भाभी के साथ डालीगंज हॉस्पिटल में भर्ती अपनी भांजी के लिए खाना लेकर जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ।
>हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन डंपर चालक घटना स्थल छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
>गुस्साए परिजनों ने शव को ले जाते समय पुलिस की कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए हैदरगंज इलाके में सड़क जाम कर दिया। एसीपी वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है।