>दिल्ली धमाके की जांच में फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल का कनेक्शन सामने आने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसियाँ लगातार एक्शन में हैं। इसी कड़ी में फरीदाबाद से गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन शाहिद के लखनऊ स्थित घर पर NIA, ATS और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने छापेमारी की। हालांकि, इस कार्रवाई के बाद शाहीन के परिवार ने अपनी बेटी पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है।
>शाहीन के पिता शाहिद अंसारी ने कहा मेरी बेटी ऐसी हरकत नहीं कर सकती। वह पढ़ी-लिखी है, डॉक्टर है। मुझे आज तक यकीन नहीं हो रहा। उन्होंने बताया कि शाहीन काफी समय पहले लखनऊ छोड़ चुकी थी और फरीदाबाद में नौकरी कर रही थी। उसकी शादी महाराष्ट्र के एक युवक से हुई थी। पिता के मुताबिक, लगभग डेढ़ साल पहले शाहीन लखनऊ आई थी और एक महीने पहले फोन पर बात हुई थी।
>परिवार लखनऊ के डालीगंज क्षेत्र में रहता है।
-
बड़ा बेटा शोएब पिता के साथ रहता है
-
बीच में शाहीन, जिसकी गिरफ्तारी हुई
-
छोटे बेटे परवेज के घर पर भी आज सुबह छापा पड़ा
>
>डॉ. शाहीन ने इलाहाबाद से MBBS किया था और उनकी नियुक्ति लोक सेवा आयोग के जरिए हुई थी। वह कानपुर स्थित GSVM मेडिकल कॉलेज में प्रवक्ता रही हैं। 2009-10 के दौरान उनका तबादला कन्नौज मेडिकल कॉलेज में हुआ था। सूत्रों के अनुसार, 2013 में वह अचानक कॉलेज से गायब हो गईं और उसके बाद से परिवार से दूरी बढ़ती चली गई।
>एजेंसियों ने शाहीन को फरीदाबाद मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार किया है और अब उसके डिजिटल रिकॉर्ड, संपर्कों और यात्रा इतिहास की गहन जांच जारी है। दिल्ली धमाका केस में भी कड़ी पड़ताल की जा रही है कि उसका क्या संबंध था।
>हालांकि, पिता का दावा है न तो शाहीन कभी किसी गलत गतिविधि में थी, और न ही हमारी परवरिश ऐसी है। जांच एजेंसियों को अब देखना है कि यह मामला पूरी तरह साजिश है या गहरी आतंकी लिंकिंग का हिस्सा।