>लखनऊ में प्रवर्तन निदेशालय की टीम एसटीएफ के बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह के आवास पर कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में लगातार छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई 12 घंटे से अधिक समय से जारी है।
>ईडी की टीम सुबह से केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रही है। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने घर से दस्तावेज, मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए हैं। मामले में धनशोधन की जांच के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह को 2 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसी उसके वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की जानकारी खंगालने में जुटी है।
>कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में लखनऊ, वाराणसी, जौनपुर सहित छह शहरों के 25 ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की गई है। ईडी की टीमें विभिन्न ठिकानों से मिले सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।