>जनपद लखनऊ की तहसील बक्शी का तालाब के ग्राम अकड़रिया कलां में आज बाढ़ आपदा प्रबंधन के अंतर्गत एक मॉक एक्सरसाइज (आपदा अभ्यास) का आयोजन किया गया। यह अभ्यास उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों व जिलाधिकारी लखनऊ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभागों के आपसी समन्वय, राहत-बचाव कार्यों की तत्परता, तथा जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
>विभागों की संयुक्त भागीदारी रही सराहनीय
>इस मॉक ड्रिल में SDRF, सेना दल, फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, सिंचाई विभाग, नगरिक सुरक्षा, NSS, NCC, कृषि विभाग, और ग्राम के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी विभागों ने आपदा के समय अपने-अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन किया।
>अभ्यास के दौरान ग्राम में बाढ़ की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न की गई। इसके उपरांत विभिन्न आपदा राहत दलों द्वारा बचाव कार्य कर फंसे हुए लोगों और मवेशियों को सुरक्षित निकालकर शेल्टर होम तक पहुंचाया गया, जहां मेडिकल वेटरनरी टीमों ने प्राथमिक उपचार किया।
शिक्षण व बचाव कार्यों की दिखाई गई उत्कृष्ट क्षमता
>इस मॉक एक्सरसाइज में आपदा के दौरान तत्काल कार्रवाई, तालमेल, राहत, पुनर्वास और चिकित्सा सहायता को प्रमुख रूप से दर्शाया गया।
>SDRF की टीम के कंपनी कमांडर, बटालियन पीएसी के प्रतिनिधि, उप जिलाधिकारी बक्शी का तालाब, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, लेखपाल, फायर ऑफिसर, आपदा विशेषज्ञ, पुलिस अधिकारीगण और अन्य प्रतिनिधि पूरे समर्पण के साथ उपस्थित रहे।
>जनता के लिए पीने के पानी और भोजन की समुचित व्यवस्था जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लखनऊ द्वारा की गई थी, जिससे यह अभ्यास व्यवहारिक रूप से सजीव प्रतीत हुआ।
बाढ़ आपदा प्रबंधन में लखनऊ की तत्परता का उदाहरण
>इस मॉक ड्रिल से यह प्रमाणित हुआ कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय जनपद लखनऊ की प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन इकाइयां पूर्णतः सक्षम हैं। जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों और सहभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की योजनाओं के आयोजन का भरोसा दिलाया।