पुलिस के अनुसार सेक्टर-6 निवासी रविश कुमार त्रिपाठी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार के उज्जैन जाने के दौरान घर में काम करने वाली नौकरानी चंदा ने 11 से 17 मार्च के बीच घर से कीमती आभूषण, नकदी और पर्स चोरी कर लिया। इस संबंध में थाना गोमतीनगर विस्तार में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद 22 मार्च की रात एसएसबी बिल्डिंग के पास अंडरपास से आरोपी चंदा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से पीली और सफेद धातु के कई कीमती आभूषण, लेडीज पर्स और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामदगी में हार, चैन, कंगन, अंगूठियां, पायल और अन्य गहने शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।