राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ही मोहल्ले के दो युवकों पर मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सीमा पाण्डेय, संतगुरु रविदास नगर की निवासी हैं। महिला द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मोहल्ले के रहने वाले रितेश चौधरी उर्फ बाबू और विवेक जायसवाल से उनका पहले भी विवाद होता रहा है। महिला का आरोप है कि 8 जून 2026 की रात वह इलाके के एक पार्क में बैठी थीं। इसी दौरान दोनों युवक वहां पहुंचे और उन्हें पार्क में बैठने से मना करने लगे। जब महिला ने पार्क को सार्वजनिक स्थान बताते हुए वहां बैठने का अधिकार होने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
पीड़िता का कहना है की विवाद के दौरान दोनों युवकों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और महिला के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने अश्लील हरकत की और उनका हाथ पकड़कर गलत तरीके से छूने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
महिला ने हजरतगंज थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।