लखनऊ एयरपोर्ट पर होमगार्ड की दर्दनाक आत्महत्या, सुरक्षा उपकरणों की ड्यूटी पर थे तैनात

02 Oct 2025


>राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर होमगार्ड विक्रम सिंह की ड्यूटी के दौरान आत्महत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था में एक सवाल खड़ा कर दिया है। मुल्तान इटावा के रहने वाले विक्रम सिंह, जो कई सालों से सरोजिनीनगर स्थित अपने परिवार के साथ रह रहे थे, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के सुरक्षा उपकरणों की निगरानी के लिए तैनात थे।


>बुधवार देर रात की यह घटना तब सामने आई जब सुबह उन्हें रिलीव करने आए साथी होमगार्ड धर्मपाल ने अंदर से बंद गेट के कारण कोई जवाब नहीं पाया। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विक्रम सिंह को मृत पाया।


>होमगार्ड कमांडेंट अमरेश सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए होमगार्ड विभाग से 10 जवान तैनात हैं, जो 8-8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी करते हैं। बुधवार की ड्यूटी शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पवन गोस्वामी की थी। रिलीविंग के समय विक्रम सिंह ने ड्यूटी संभाली थी, और सुबह धर्मपाल ने उन्हें गेट के अंदर मृत पाया।


>कमांडेंट अमरेश सिंह ने बताया कि होमगार्ड विभाग की ओर से मृतक के परिवार को ₹5,00,000 की अनुग्रह राशि दी जाएगी। साथ ही नियमावली के तहत परिवार के किसी सदस्य को नौकरी का अवसर भी मिलेगा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।