निवेश का पैसा दोगुना करने का लालच, फिर फर्जी पुलिस बनकर लूट; लखनऊ में सिपाही समेत चार गिरफ्तार

14 Jun 2026

 

राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में निवेश की रकम कम समय में दोगुनी करने का लालच देकर लोगों को बुलाने और बाद में फर्जी पुलिस बनकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम और चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक पुलिस आरक्षी की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.25 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त दो कारें भी बरामद की हैं।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक कंपनी में निवेश करने पर कम समय में दोगुना लाभ मिलने का झांसा देकर लोगों को बुलाया। इसके बाद खुद को पुलिस या पुलिस की विभिन्न शाखाओं से जुड़ा बताकर पीड़ितों को डराया-धमकाया जाता था और उनसे पैसे व अन्य सामान लूट लिए जाते थे।

 

11 जून 2026 को तेलीबाग स्थित वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रभाकर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके भाई और उनके एक मित्र को निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर बुलाया गया और बाद में उनके साथ लूटपाट की गई। इसके बाद चिनहट थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

जांच के दौरान पुलिस ने जावेद हुसैन, आसिफ, प्रवेश त्रिपाठी और राजस्थान निवासी आरक्षी पूर्ण सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच में प्रथम दृष्टया आरक्षी पूर्ण सिंह की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे भी गिरफ्तार किया गया। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 लाख 25 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई दो कारें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों से जुटाई जा रही है।