राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र के लोनापुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहा एक युवक घर के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान कृपा शंकर चौरसिया (26) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गोसाईगंज के रहने वाले थे और गोमती नगर स्थित हनीमैन चौराहे पर पान की दुकान चलाते थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, करीब नौ महीने पहले उनकी पत्नी का बीमारी के कारण निधन हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहते थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को चिंता हुई। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो कृपा शंकर मृत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि दिसंबर 2025 में कृपा शंकर की पत्नी का बीमारी के कारण निधन हो गया था। पत्नी की मृत्यु के बाद वह काफी परेशान रहने लगे थे। परिवार के अनुसार, वह पहले की तुलना में कम बोलते थे और अपने काम में भी पहले जैसा मन नहीं लगा पाता था।
कृपा शंकर चौरसिया गोमती नगर के हनीमैन चौराहे पर पान की दुकान संचालित करते थे। परिवार के अनुसार, पत्नी के निधन के बाद भी उन्होंने काम जारी रखा, लेकिन उनका मानसिक तनाव लगातार बना हुआ था।
बीबीडी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पत्नी के निधन के बाद मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक अपने पीछे दो छोटी बेटियां छोड़ गए हैं। परिवार के अनुसार, बड़ी बेटी करीब तीन वर्ष की है जबकि दूसरी बच्ची अभी शिशु अवस्था में है। पत्नी के निधन के बाद अब पिता की भी मृत्यु से परिवार पर गहरा संकट आ गया है।