>लखनऊ में मांझे से जुड़ी एक और गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें 35 वर्षीय युवक अश्वनी कश्यप बाइक से जाते समय मांझे में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बॉर्लिंगटन चौराहे से कुछ दूरी पर स्थित मुरली नगर क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां अचानक से मांझा उसकी गर्दन पर आ लगा।
>मिली जानकारी अनुसार, बुधवार शाम अश्वनी कश्यप अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मुरली नगर क्षेत्र के पास पहुंचे, अचानक सड़क पर लटक रहे मांझे में उनकी गर्दन फंस गई। तेज रफ्तार में चल रही बाइक के चलते मांझा उनकी गर्दन पर कस गया, जिससे गहरा कट लग गया और वह तुरंत सड़क किनारे गिर पड़े।
>स्थानीय लोगों ने घटना देखते ही तुरंत घायल युवक की मदद की और उसे नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बताया कि युवक की गर्दन पर गंभीर चोट आई है और प्राथमिक उपचार के बाद उसे निगरानी में रखा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इलाके में पिछले कुछ दिनों से पतंगबाजी के कारण मांझा जगह-जगह बिखरा हुआ पड़ा है। लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क किनारे लटके मांझे को हटाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए थे।
>शहर में मांझे से जुड़े हादसों की लगातार बढ़ती संख्या चिंता का विषय बनती जा रही है। इससे पहले भी लखनऊ में कई राहगीर और दोपहिया चालक इसी तरह की घटनाओं में घायल हो चुके हैं। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है और मांझा कहां से आया इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। अस्पताल में डॉक्टर्स के अनुसार, घायल अश्वनी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चोट गहरी होने के कारण निरंतर निगरानी की जरूरत है।