राजधानी लखनऊ में एक कटहल गिरने की घटना ने देखते ही देखते ऐसा मोड़ ले लिया कि मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित विधायक ओपी श्रीवास्तव के आवास पर कटहल तोड़ने के दौरान सड़क से गुजर रही एक स्कॉर्पियो का अगला शीशा टूट गया। आरोप है कि इसके बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में मारपीट और हंगामे में बदल गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कटहल तोड़ने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की सुबह विधायक ओपी श्रीवास्तव के इंदिरानगर स्थित आवास पर पेड़ से कटहल तोड़े जा रहे थे। कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर सड़क पर खड़े होकर वाहनों को रोकने का प्रयास किया ताकि किसी वाहन को नुकसान न पहुंचे। इसी बीच एक स्कॉर्पियो वाहन आगे बढ़ गया और उसी समय पेड़ से गिरा कटहल सीधे उसके अगले शीशे पर जा गिरा। इससे वाहन का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद कर्मचारियों ने वाहन सवारों से बातचीत कर नुकसान की भरपाई करने और शीशा बदलवाने की बात कही। आरोप है कि इसके बावजूद मामला शांत नहीं हुआ। कुछ समय बाद वाहन सवार कई अन्य लोगों के साथ दोबारा विधायक आवास पहुंचे।
शिकायत के मुताबिक, दोबारा लौटे लोगों ने आवास पर काम कर रहे माली के साथ मारपीट की। साथ ही विधायक के आवास में जबरन प्रवेश करने का भी प्रयास किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए।
घटना की सूचना गाजीपुर पुलिस को दी गई। पीड़ित कर्मचारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।