राजधानी लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में शनिवार को मोहन रोड पर एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। पानखेड़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने नगर निगम के डंपर और एक टैक्सी की आमने-सामने टक्कर में टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक वाहन के अंदर फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब मोहन रोड पर नगर निगम का डंपर और टैक्सी आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैक्सी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व राहत दल को सूचना दी।
यह खबर भी पढ़े - यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव का चुनावी संकल्प, अयोध्या को लेकर किया बड़ा ऐलान
टक्कर के बाद टैक्सी चालक शानू वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। राहत दल ने काफी प्रयासों के बाद वाहन को काटकर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया गया कि घायल चालक उन्नाव जिले के सोहरामऊ क्षेत्र का निवासी है।
दुर्घटना के बाद मोहन रोड पर यातायात प्रभावित हो गया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस और राहत दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कई स्थानीय लोगों ने नगर निगम के भारी वाहनों की आवाजाही और उनके संचालन पर चिंता व्यक्त की। उनका कहना है कि भारी वाहन अक्सर तेज गति से चलते दिखाई देते हैं और सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सख्ती की आवश्यकता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।