राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र के देवती गांव में सोमवार सुबह पटाखा गोदाम में विस्फोट होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में एक महिला के झुलसने की सूचना है। हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद नगराम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही गोदाम के संचालन और उससे जुड़े दस्तावेजों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में एक महिला के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि अन्य किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
देवती गांव और नगराम क्षेत्र में इससे पहले भी पटाखा गोदाम से जुड़ी घटना सामने आ चुकी है। बीते वर्ष 12 नवंबर को भी इलाके में पटाखा गोदाम में आग लगने के बाद विस्फोट हुआ था। उस दौरान धमाके की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच की थी और गोदाम के लाइसेंस से संबंधित जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित गोदाम के पास आवश्यक अनुमति और लाइसेंस मौजूद थे या नहीं। इसके अलावा विस्फोट के कारणों की भी जांच की जा रही है।