लखनऊ के नारायणा स्कूल की पूर्व प्रिंसिपल समेत 10 पर मुकदमा दर्ज

19 Sep 2025


>राजधानी लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित नारायणा एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स में गुरुवार को बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। स्कूल प्रबंधन ने पूर्व प्रिंसिपल सुप्रिया पांडेय समेत 10 लोगों पर कर्मचारियों से मारपीट और हमले का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।


>स्कूल के डीजीएम आशुतोष कुमार तिवारी ने तहरीर में आरोप लगाया कि पद से हटाए जाने की नाराजगी में सुप्रिया पांडेय अपने साथियों और कुछ अभिभावकों के साथ संस्थान में घुसीं और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस दौरान गाली-गलौज, तोड़फोड़ और धमकी की घटनाएं भी सामने आईं।


>गुडंबा थाने के इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में सुप्रिया पांडेय समेत 10 नामजद और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से तनाव बढ़ा।


>घटना के बाद से स्कूल में माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गवाहों से पूछताछ कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।