राजधानी लखनऊ के महानगर कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 65 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बहू और किराएदार की संलिप्तता का खुलासा किया है। घटना निशातगंज इलाके की गली नंबर तीन की है।
पुलिस के अनुसार मृतका निर्मला देवी, जो सचिवालय से सेवानिवृत्त थीं, की शनिवार रात हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों में बाधा बनने पर बहू रंजना ने किराएदार राजन शर्मा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे करीब दो घंटे तक बंद रहे। पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें किराएदार राजन को घर से निकलते देखा गया। इसके बाद कैमरे दोबारा चालू हो गए और किसी अन्य व्यक्ति के आने-जाने का कोई संकेत नहीं मिला।
जांच में डॉग स्क्वायड की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। घटनास्थल के पास ले जाए जाने पर डॉग सीधे राजन के पास पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
मृतका का बेटा घटना के समय ड्यूटी पर था, जबकि घर में अन्य सदस्य मौजूद थे। पोते ने घर लौटकर दादी को अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार बहू और किराएदार के बीच संबंधों को लेकर परिवार में पहले से विवाद था। इसी को लेकर हत्या की योजना बनाई गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।