लखनऊ के पंचमुखी हनुमान मंदिर में 35 लाख की चोरी, चांदी के मुकुट-छत्र और सीसीटीवी रिकॉर्डर ले गए बदमाश

03 Aug 2026

राजधानी लखनऊ के महानगर क्षेत्र स्थित बीरबल साहनी मार्ग पर बने प्रसिद्ध श्री संकट हरण पंचमुखी हनुमान मंदिर में रविवार देर रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई। बदमाश मंदिर के मुख्य द्वार के ताले काटकर भीतर पहुंचे और पंचमुखी हनुमान सहित कई देवी-देवताओं की प्रतिमाओं पर स्थापित चांदी के मुकुट, छत्र और अन्य धार्मिक आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के बाद चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी रिकॉर्डर को भी अपने साथ ले गए, जिससे घटनास्थल की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे निजी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के ताले टूटे हुए देखे। अंदर जाने पर भगवान गणेश की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छत्र गायब मिला।

यह खबर भी पढ़े - चरक चौराहे पर स्कूल वैन बनी निशाना, जांच के लिए पुलिस ने घेरा पूरा इलाका

इसके बाद अन्य प्रतिमाओं का निरीक्षण करने पर भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और पंचमुखी हनुमान सहित कई देवी-देवताओं के चांदी के मुकुट और छत्र भी चोरी होने की जानकारी मिली। मंदिर परिसर में सामान बिखरा हुआ था, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मंदिर में लगे सीसीटीवी रिकॉर्डर को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। इसके कारण मंदिर परिसर में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी। पुलिस अब आसपास के प्रतिष्ठानों और निजी भवनों में लगे कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।

यह खबर भी पढ़े - अमेठी गया था परिवार, पीछे से चिनहट स्थित घर में लाखों की चोरी; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी और भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। जांच अधिकारी आसपास के क्षेत्र से उपलब्ध कैमरों की रिकॉर्डिंग, घटनास्थल से मिले निशानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित के अनुसार चोरी हुए चांदी के मुकुट, छत्र और अन्य धार्मिक आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 35 से 36 लाख रुपये है। पुलिस चोरी गए सामान की सूची और उसके मूल्य का सत्यापन भी कर रही है।

मंदिर के संस्थापक स्वर्गीय आर.पी. शर्मा के पुत्र पवन कुमार शर्मा ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बदमाशों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी पहले से जुटाई थी या नहीं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।